संवाददाता राम कुमार
बालूमाथ। बालूमाथ चतरा मुख्य मार्ग स्थित टमटम टोला के पुराने पेट्रोल पम्प के समीप कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार भाई बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में इलाज के दौरान बहन वर्षा कुमारी 18 की मौत हो गई,जबकि उसका भाई राहुल कुमार 18 घायल है। जानकारी के अनुसार बरियातू थाना क्षेत्र के बचरा गांव निवासी वर्षा कुमारी अपने ममेरे फुफेरे भाई राहुल कुमार,बोगांदाग हेरहंज निवासी के साथ बाइक से किसी आवश्यक कार्य के सिलसिले में बालूमाथ आए थे। काम पूरा करने के बाद दोनों बाइक से वापस बचरा गांव लौट रहे थे। इसी दौरान टमटम टोला के पुराने पेट्रोल पम्प के पास विपरीत दिशा से आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों घायलों को तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सक संजय सिद्धार्थ ने प्राथमिक उपचार किया। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया। रिम्स में इलाज के दौरान वर्षा कुमारी की मौत हो गई,जबकि राहुल कुमार का इलाज चल रहा है।घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों आपस में ममेरे फुफेरे भाई बहन थे।
कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में बहन की मौत, भाई घायल
