-तीन दिन से लापता थे 48 वर्षीय जनार्दन चौधरी, डॉग स्क्वायड की मदद से पुलिस जांच में जुटी
बिश्रामपुर विधानसभा विशेष प्रतिनिधि/ दीपक यादव
पांडू,पलामू। प्रखंड के कुटमू पंचायत अंतर्गत ग्राम बंदला टोला पोखरा पर निवासी 48 वर्षीय जनार्दन चौधरी का शव गुरुवार को लापता होने के तीन दिन बाद प्राथमिक विद्यालय पोखरा पर के पीछे बैरियाटांड़ स्थित पानी भरे गड्ढे से बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, जनार्दन चौधरी सोमवार की सुबह घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। परिजनों और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने 7 अक्टूबर को पांडू थाना में गुमशुदगी की सूचना देकर पुलिस से खोजबीन की गुहार लगाई थी।
गुरुवार की सुबह कुछ ग्रामीण शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर प्राथमिक विद्यालय के पीछे बैरियाटांड़ स्थित पानी भरे गड्ढे में पड़े शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना उप प्रमुख प्रतिनिधि वीरेंद्र चौधरी को दी। सूचना मिलते ही उन्होंने पांडू थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
घटना की सूचना पर पांडू थाना प्रभारी बिगेश कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड की भी मदद ली। पुलिस ने जांच के क्रम में ग्राम बंदला टोला पोखरा पर के तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक मौत के कारण अथवा किसी व्यक्ति की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया है। जनार्दन चौधरी की मौत किस कारण से हुई है, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, शव बरामद होने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
