गयाजी से अमरेंद्र कुमार ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट।
गयाजी। गयाजी में शादीशुदा प्रेमिका के कथित दबाव में बेटे द्वारा अपने ही पिता की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने करीब 20 दिन बाद आरोपी चंदन राज को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार,मृतक कृष्णा गुप्ता ब्लड कैंसर से पीड़ित थे। 24 सितंबर को कीमो थैरेपी कराकर लौटते समय उनके बेटे ने ओटीए के पास सुनसान जगह पर ईंट-पत्थर और लाठी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। शव 26 सितंबर को मगध मेडिकल कॉलेज थाना क्षेत्र में झाड़ियों से बरामद हुआ था।
जांच के अनुसार,चंदन का पिछले कुछ वर्षों से एक शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध था। आरोप है कि महिला उस पर अपने माता-पिता से अलग होने और परिवार की एक-दो कट्ठा जमीन उसके नाम कराने का दबाव बना रही थी। कृष्णा गुप्ता इस रिश्ते और जमीन हस्तांतरित करने के विरोधी थे। पुलिस इसी विवाद को हत्या की प्रमुख वजह मानकर जांच कर रही है। आरोपी चंदन ग्रेजुएट है और आदित्य विजन में सेल्समैन के रूप में काम करता था। उसके मुताबिक,उसे करीब बाइस हजार प्रतिमाह वेतन मिलता था,जिसका बड़ा हिस्सा वह महिला पर खर्च करता था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने बताया कि महिला ने कथित तौर पर जमीन अपने नाम कराने या पिता को रास्ते से हटाने का दबाव बनाया था।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद परिजनों ने कृष्णा गुप्ता और चंदन राज के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और अनुसंधान के आधार पर आरोपी बेटे की भूमिका का खुलासा किया। करीब 20 दिन बाद उसकी गिरफ्तारी हुई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है।
पुलिस अब मामले में संबंधित महिला की कथित भूमिका की जांच कर रही है और उसके खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। महिला के पति की संलिप्तता सामने नहीं आने की बात पुलिस ने कही है। हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
बीमारी से जूझ रहे पिता की हत्या के इस मामले ने रिश्तों को झकझोर दिया है। जिस पिता को इलाज के दौरान परिवार के सहारे की जरूरत थी, उसी की हत्या का आरोप उसके बेटे पर लगा है।
