-नकली पिस्तौल दिखाकर टोटो और मोबाइल लूटा था, पुलिस ने दोनों सामान के साथ हथियार भी किया बरामद
-आदिवासी एक्सप्रेस पतना प्रतिनिधि
साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र में खुद को एमसीसी (माओवादी कम्युनिस्ट सेंटर) का सदस्य बताकर नकली पिस्तौल के बल पर टोटो चालक से लूटपाट करने के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरहेट थाना क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू दे (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से लूटा गया टोटो, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई नकली पिस्तौल बरामद कर ली है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और इस घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है।
सुनसान जगह पर नकली पिस्तौल दिखाकर की लूट
मिली जानकारी के अनुसार, दुमका जिले के गोपीकांदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुश्चिरा गांव निवासी रविन्द्र पाल (46) टोटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बीते 11 अक्टूबर को अमड़ापाड़ा बाजार में एक व्यक्ति ने उन्हें लिट्टीपाड़ा से हिरणपुर जाने के लिए टोटो रिजर्व किया था। इसके बाद 12 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे रविन्द्र पाल उक्त व्यक्ति को लेकर हिरणपुर के लिए रवाना हुए।
हिरणपुर पहुंचने के बाद आरोपी चालक को रांगा थाना क्षेत्र के बासकोला की ओर ले गया। बासकोला से करीब एक किलोमीटर दक्षिण स्थित सुनसान स्थान पर पहुंचते ही आरोपी ने खुद को एमसीसी का सदस्य बताते हुए नकली पिस्तौल निकाल ली। हथियार का भय दिखाकर उसने टोटो और चालक का मोबाइल फोन छीन लिया तथा मौके से फरार हो गया। अचानक हुई इस घटना से टोटो चालक सकते में आ गया।
तकनीकी सहयोग से बरहेट में दबोचा गया आरोपी
घटना के बाद पीड़ित रविन्द्र पाल ने रांगा थाना पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी सहयोग के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे बरहेट से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटा गया टोटो, मोबाइल फोन और नकली पिस्तौल भी बरामद कर ली।
अन्य लोगों की संलिप्तता की भी हो रही जांच
रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव ने गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि मामले में सोनू दे (23) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास का पता लगा रही है। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि लूटपाट की इस घटना में उसके अलावा कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लूटे गए सामान की बरामदगी के साथ मामले का खुलासा हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

