
रांची। इक्फाई विश्वविद्यालय, झारखंड का सातवां दीक्षांत समारोह गुरुवार, 26 नवंबर को रांची के डोरंडा स्थित शौर्य सभागार में आयोजित किया गया। समारोह में झारखंड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के विजिटर संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं और शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को पदक देकर सम्मानित किया।
365 विद्यार्थियों और शोधार्थियों को मिली उपाधि
दीक्षांत समारोह में विभिन्न शैक्षणिक पाठ्यक्रमों के कुल 365 विद्यार्थियों और शोधार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें 10 पीएचडी शोधार्थी, 47 एमबीए, 16 बीबीए, 13 बीबीए (बिजनेस एनालिटिक्स), 21 बीटेक, 77 बीसीए, 35 डिप्लोमा इन टेक्नोलॉजी, 40 एलएलएम, 85 एलएलबी और 21 बीबीए-एलएलबी (ऑनर्स) के विद्यार्थी शामिल रहे।
शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 12 स्वर्ण पदक और द्वितीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को 11 रजत पदक प्रदान किए गए। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सभी पदक विजेताओं को सम्मानित किया।
रोजगार पाने के साथ रोजगार देने वाले भी बनें युवा : कुलाधिपति
समारोह में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. टी.आर.के. राव ने विद्यार्थियों और शोधार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि बदलते तकनीकी परिवेश में ज्ञान, कौशल, नवाचार और उद्यमशीलता का विशेष महत्व है। विद्यार्थियों को केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने ज्ञान और कौशल के माध्यम से रोजगार सृजित करने की दिशा में भी प्रयास करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से जिम्मेदार, नैतिक और संवेदनशील नागरिक बनने की अपील की।
डिग्री मिलना जीवन के नए चरण की शुरुआत : राज्यपाल
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि जीवन के एक नए चरण की शुरुआत है। इस चरण में जिम्मेदारी, प्रतिबद्धता और समाज के प्रति योगदान का विशेष महत्व है।
राज्यपाल ने झारखंड सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी और शैक्षणिक योजनाओं का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने और राज्य के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के माध्यम से अपना भविष्य मजबूत बनाने का संदेश दिया।

कुलपति ने प्रस्तुत की सत्र 2025-26 की रिपोर्ट
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति कर्नल (डॉ.) रणजीत सिंह ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, अनुसंधान, नवाचार और संस्थागत विकास से जुड़ी उपलब्धियों को रेखांकित किया गया।
समारोह के दौरान उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की शपथ भी ली। उन्होंने नैतिक आचरण, व्यावसायिक निष्ठा, सभी के प्रति सम्मान, गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र के सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कई विश्वविद्यालयों के कुलपति और गणमान्य अतिथि रहे मौजूद
दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. टी.आर.के. राव, कुलपति कर्नल (डॉ.) रणजीत सिंह और कुलसचिव सुमित कुमार सिन्हा उपस्थित रहे। इसके अलावा झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सारंग मेधेकर तथा सरला बिरला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) जेगनाथन चोकलिंगम सहित कई गणमान्य अतिथियों ने समारोह में हिस्सा लिया।
विश्वविद्यालय का सातवां दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा की उपलब्धियों और उनके नए व्यावसायिक जीवन की शुरुआत का अवसर बना।
