देवघर से दिव्य दिनकर संवाददाता प्रेम रंजन झा
देवघर। साइबर ठगी के खिलाफ देवघर पुलिस की कार्रवाई में एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी और पीएम किसान योजना के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाता था। पुलिस ने उसे पथरड्डा ओपी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व में भी साइबर अपराध के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 25 नवंबर 2026 को छापेमारी कर एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पथरड्डा ओपी क्षेत्र में एक संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट, अमेजन पे, एयरटेल पेमेंट बैंक, गूगल पे और फोन पे के कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर आम लोगों से ठगी कर रहा है। सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
कैशबैक का झांसा देकर करता था ठगी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिथुन कुमार दास (23), पिता बंधू महरा, निवासी दुधवाजारी, थाना पथरड्डा ओपी, जिला देवघर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी गूगल पे, फोन पे और पेटीएम कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक का लालच देता था। इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल भुगतान और आरटीओ चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करता था और इसके जरिए साइबर ठगी करता था।
आरोपी फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी बनकर भी लोगों को निशाना बनाता था। एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से पेमेंट बैंक कार्ड बंद करने और उसे दोबारा चालू कराने में सहायता देने का झांसा देकर लोगों से ठगी की जाती थी।
दो मोबाइल और दो सिम कार्ड बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में बरामद मोबाइल और सिम की साइबर ठगी में संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, तकनीकी जांच में आरोपी के पास से जब्त मोबाइल नंबरों और IMEI नंबरों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
पहले भी साइबर अपराध में जा चुका है जेल
गिरफ्तार मिथुन कुमार दास का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पूर्व में देवघर साइबर थाना कांड संख्या 142/2024 में जेल जा चुका है।
छापेमारी दल में साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक नागेंद्र प्रसाद सिन्हा तथा पथरड्डा ओपी प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक मोतीराम देवगम सहित पथरड्डा ओपी की टीम शामिल थी। पुलिस साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
