अजय कुमार कुशवाहा ब्यूरो आदिवासी एक्सप्रेस
बरहरवा। कोटालपोखर गन्नी रेलवे फाटक और गन्नी चौंक के बीच, टोटो पलटा रविवार को एक टोटो सड़क पर पलट गया। हादसे के समय टोटो में फिल्टर बोतलबंद पानी लदा हुआ था। दुर्घटना में चालक संदीप कुमार चोटिल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तत्काल नजदीकी क्लिनिक में उपचार के लिए भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पलटे टोटो को सीधा किया और यातायात को सामान्य कराया। स्थानीय लोगों ने बताया कि गन्नी चौक रेलवे फाटक के पास लंबे समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। सड़क पर लगातार पानी जमा रहने से बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि सड़क की इसी बदहाल स्थिति के कारण यहां आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इसी मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चों को लेकर छोटी गाड़ियां और स्कूल बसें भी गुजरती हैं। ऐसे में सड़क की वर्तमान स्थिति को देखते हुए कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों ने जिला प्रशासन से सड़क की मरम्मत तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों ने कहा कि गन्नी चौक क्षेत्र में जलजमाव और जर्जर सड़क की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो हादसों का सिलसिला जारी रहेगा।
जलजमाव और जर्जर सड़क बनी हादसों की वजह, गन्नी रेलवे फाटक के पास टोटो पलटा, चालक घायल
