रिपोर्ट – प्रमोद कुमार सिंह
गोह (औरंगाबाद) :- गोह प्रखण्ड में श्रीकृष्ण सामाजिक सेवा संघ, गोह द्वारा आयोजित होने वाले श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव–2026 की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पिछले आठ वर्षों से यह महोत्सव क्षेत्र में संस्कृति, सामाजिक सद्भाव और जनसेवा के अनूठे संगम के रूप में आयोजित होता आ रहा है। प्रत्येक वर्ष हजारों श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की भागीदारी इस आयोजन को विशेष बनाती है।
इस वर्ष महोत्सव के अंतर्गत धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ शिक्षा सेमिनार तथा निःशुल्क चिकित्सा जांच एवं परामर्श शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है। सामाजिक सेवा संघ का उद्देश्य समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य और जनजागरूकता को बढ़ावा देना है।
इसी क्रम में संघ ने एक गंभीर जनहित के मुद्दे की ओर स्थानीय प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट किया है। महोत्सव स्थल के समीप स्थित एक पुराना एवं अत्यंत जर्जर भवन लंबे समय से दुर्घटना की आशंका उत्पन्न किए हुए है। भवन की वर्तमान स्थिति ऐसी है कि वह कभी भी धराशायी हो सकता है। महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों की उपस्थिति को देखते हुए यह भवन किसी भी समय बड़ी अनहोनी का कारण बन सकता है।
श्रीकृष्ण सामाजिक सेवा संघ ने स्थानीय प्रशासन, स्थानीय पंचायत तथा क्षेत्रीय विधायक से आग्रह किया है कि जनहित एवं जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जन्माष्टमी महोत्सव प्रारंभ होने से पूर्व इस जर्जर भवन को सुरक्षित तरीके से ध्वस्त कराया जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके और श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में महोत्सव का आनंद ले सकें।
संघ ने विश्वास व्यक्त किया है कि प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि इस जनहित के मुद्दे पर संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेंगे। जनसुरक्षा सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और समय रहते उठाया गया एक कदम किसी बड़ी दुर्घटना को टाल सकता है।
