आदिवासी एक्सप्रेस/दीपक यादव
पांडू,पलामू। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत रतनाग गांव में अवैध हथियार रखने की गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमित कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह के घर से दो लोडेड देशी कट्टा,जिंदा कारतूस, खोखा, नकदी सहित अन्य सामान बरामद किया है।हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,02 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि रतनाग निवासी अमित कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह, पिता बालमुकुंद सिंह के पास अवैध हथियार मौजूद है।सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम जब उसके घर पहुंची तो पुलिस वाहन को देखते ही अमित कुमार सिंह घर के बाहर से भागने लगा।सशस्त्र बल के जवानों ने उसका पीछा किया,लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका।इसके बाद पुलिस ने अमित कुमार सिंह के पिता बालमुकुंद सिंह की मौजूदगी में ई-साक्ष्य के तहत पूरी तलाशी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कर उसके कमरे की जांच की।तलाशी के दौरान दीवान पलंग के सिरहाने बने बॉक्स से एक सफेद प्लास्टिक कैरी बैग बरामद हुआ,जिस पर लाल रंग से “THANK YOU” लिखा हुआ था।बैग की जांच करने पर उसमें से दो लोडेड देशी कट्टा,315 बोर के पांच जिंदा कारतूस,दो खोखा,दो काला गमछा और 8 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने सभी सामानों को विधिवत जब्त करते हुए जप्ती सूची तैयार की है।पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी अमित कुमार सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
रतनाग में अवैध हथियार बरामद, दो लोडेड देशी कट्टा, कारतूस व नकदी जब्त; आरोपी फरार
