आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता
विश्रामपुर,(पलामू): विश्रामपुर पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टोटो वाहन से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से पांच शराब तस्करों को गिरफ्तार कर शराब लदा टोटो वाहन जब्त कर लिया।यह कार्रवाई विश्रामपुर युवा थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर तोलरा रेलवे स्टेशन के समीप की गई।सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस इंस्पेक्टर राम आशीष पासवान एवं युवा थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे ने बताया कि 2 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे सूचना मिली थी कि तोलरा की ओर से एक टोटो वाहन में अवैध शराब की खेप बिहार ले जाई जा रही है।सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सिल्वर रंग के टोटो वाहन (जेएच03यू-8134) को रोका और तलाशी ली।तलाशी के दौरान वाहन से 24 पेटी टनाका देसी शराब के 590 पीस,तीन हैंड बैग में रॉयल डिलक्स कंपनी की 290 पीस देसी शराब तथा छबीली कंपनी की चार पेटी में 150 पीस देसी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब समेत टोटो वाहन को जब्त कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में प्रमीला देवी (27),रिंकी देवी (35),रिंकू देवी (35),रमेश राम उर्फ बंगाल (45) और सुनील कुमार चौधरी (29) शामिल हैं।पुलिस ने बताया कि मामले में विश्रामपुर थाना कांड संख्या 66/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 274/275 एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।थाना प्रभारी ने कहा कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।छापेमारी टीम में पुलिस अवर निरीक्षक शैलेश कुमार,अभिलेश कुमार सहित थाना सशस्त्र बल एवं नौगढा ओपी की पुलिस टीम शामिल थी।
टोटो से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद, पांच तस्कर गिरफ्तार; विश्रामपुर पुलिस की कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप
