Skip to main content

Birsa Times

इंडियन बैंक सीएसपी से 1.80 लाख रुपये की चोरी, संचालक ने रांगा थाना में एफआईआर दर्ज कराने के लिए दिया आवेदन

इंडियन बैंक सीएसपी से 1.80 लाख रुपये की चोरी, संचालक ने रांगा थाना में एफआईआर दर्ज कराने के लिए दिया आवेदन

-कैश काउंटर का लॉक तोड़कर वारदात को दिया अंजाम, सीसीटीवी का पावर भी काटने का आरोप
साहिबगंज /पतना।
साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र स्थित तलबड़िया गांव में संचालित इंडियन बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में अज्ञात चोरों ने नकदी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। मामले को लेकर सीएसपी संचालक सैफुल इस्लाम ने रांगा थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करने तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी को दिए गए आवेदन में सैफुल इस्लाम ने बताया है कि वह ग्राम तलबड़िया, थाना रांगा के निवासी हैं तथा तलबड़िया चौक, पचान में इंडियन बैंक का सीएसपी संचालित करते हैं। उन्होंने बताया कि 21 जुलाई 2026 की शाम करीब 8 बजे वह प्रतिदिन की तरह अपना सीएसपी बंद कर घर चले गए थे। बारिश के कारण वह अगले दिन सुबह तक केंद्र नहीं पहुंच सके।
आवेदन के अनुसार 22 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे जब वह सीएसपी पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर पता चला कि केंद्र की एस्बेस्टस (Asbestos) की छत तोड़कर चोर अंदर घुसे थे। इसके बाद उन्होंने कैश काउंटर का लॉक तोड़ दिया और उसमें रखी करीब 1 लाख 80 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए।
सीएसपी संचालक ने आवेदन में उल्लेख किया है कि चोरी हुई राशि बैंक के लेन-देन, ग्राहकों के भुगतान, ऑनलाइन सेवाओं तथा बैंकिंग कार्यों के संचालन के लिए रखी गई थी। इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि सीएसपी में लगे सीसीटीवी कैमरे का पावर कनेक्शन काट दिया गया था, जिससे घटना के साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया। सैफुल इस्लाम ने पुलिस से वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान करने, उनके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई करने तथा चोरी गई नकदी बरामद कराने की मांग की है।
समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *