गुरुआ – रवि कुमार
गुरुआ (गया): गुरुआ बाईपास रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में सोमवार को एटीएम कार्ड की अदला-बदली कर ठगी करने वाले गिरोह का एक सदस्य लोगों के हत्थे चढ़ गया। घटना के दौरान एक आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसका दूसरा साथी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया।जानकारी के अनुसार, गुलनी निवासी सत्येंद्र यादव के पुत्र मनीष कुमार एसबीआई के एटीएम से पैसे निकालने गए थे। इसी दौरान अपाचे बाइक सवार दो युवक मदद करने के बहाने एटीएम के अंदर घुस गए। बताया जाता है कि एक युवक मनीष कुमार का एटीएम पिन देखने का प्रयास कर रहा था, जबकि दूसरा एटीएम कार्ड बदलने की कोशिश में लगा था।मनीष कुमार की सतर्कता के कारण उन्हें दोनों युवकों की गतिविधियों पर शक हो गया। उन्होंने देखा कि उनका एटीएम कार्ड बदलकर राहुल यादव के नाम का एटीएम कार्ड दिया जा रहा था। इसके बाद मनीष कुमार ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और भाग रहे एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया।आक्रोशित लोगों ने पकड़े गए युवक की पिटाई करने के बाद उसे गुरुआ पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान खिजरसराय निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
गुरुआ में एटीएम कार्ड की अदला-बदली करने वाला गिरोह पकड़ा गया, एक आरोपी गिरफ्तार
