
पलामू। पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत माड़न पंचायत के पुरुषोत्तमपुर गांव में मंगलवार रात वज्रपात की चपेट में आने से पिता और पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। मृतकों की पहचान बालमुकुंद यादव और उनके पुत्र दिलीप यादव के रूप में हुई है, जबकि झुलसी हुई महिला का नाम अनीता देवी बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, बालमुकुंद यादव अपने बेटे दिलीप के साथ मंगलवार शाम तेतराई गए हुए थे। वहां से रात में बाइक से अपने गांव पुरुषोत्तमपुर वापस लौटने के क्रम में अचानक वे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फिलहाल मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
इसी गांव में घटित वज्रपात की एक अन्य घटना में ग्रामीण महिला अनीता देवी भी इसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गईं। घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों के सहयोग से उन्हें उपचार के लिए पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
