साहिबगंज जिले के पतना प्रखंड स्थित विंध्यवासिनी मंदिर के पीछे गिट्टी प्लॉट में बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गिट्टी खाली करने के दौरान एक हाईवा वाहन का डंपर ऊपर से गुजर रही ओवरहेड बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे वाहन में अचानक आग लग गई। हालांकि स्थानीय लोगों की सूझबूझ और त्वरित प्रयास से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा चालक गिट्टी खाली करने के लिए डंपर को ऊपर उठा रहा था। इसी दौरान डंपर का ऊपरी हिस्सा ओवरहेड विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। बिजली लाइन के संपर्क में आते ही तेज चिंगारी निकली और देखते ही देखते वाहन के ऊपरी हिस्से में आग लग गई। आग की लपटें उठते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए पानी एवं उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों की तत्परता के कारण आग कुछ ही देर में नियंत्रित कर ली गई। यदि आग समय पर नहीं बुझाई जाती तो आसपास खड़े अन्य वाहनों और गिट्टी प्लॉट में मौजूद लोगों के लिए भी बड़ा खतरा उत्पन्न हो सकता था।
राहत की बात यह रही कि हाईवा चालक पूरी तरह सुरक्षित है और इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर जमा हो गए। कुछ देर तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों ने इस घटना को बिजली लाइन के नीचे भारी वाहनों के संचालन के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही का परिणाम बताते हुए संबंधित विभाग से ऐसे स्थानों पर सुरक्षा संबंधी आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते सतर्कता नहीं बरती जाती तो यह घटना एक बड़े हादसे में बदल सकती थी।
