Skip to main content

Birsa Times

खूंटी फोरलेन और बाइपास परियोजना को गति देने की मांग, भाजपा नेताओं ने केंद्रीय मंत्री गडकरी से की मुलाकात

खूंटी फोरलेन और बाइपास परियोजना को गति देने की मांग, भाजपा नेताओं ने केंद्रीय मंत्री गडकरी से की मुलाकात

खूंटी: जिले में प्रस्तावित खूंटी बाइपास और तुपुदाना से कुंदीबारटोली तक राष्ट्रीय राजमार्ग-20 (पुराना एनएच-75ई) के फोरलेन निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार और वार्ड पार्षद अनूप साहू ने दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परियोजना को जल्द शुरू कराने के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से इस परियोजना के लिए 22 अगस्त 2024 को भूमि अधिग्रहण से संबंधित राजपत्र अधिसूचना जारी की जा चुकी है। इसके बावजूद राज्य स्तर पर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अपेक्षित गति से पूरी नहीं हो सकी है, जिससे परियोजना का काम आगे बढ़ने में देरी हो रही है।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व सांसद अर्जुन मुंडा ने भी राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन से भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया था, ताकि लंबे समय से प्रतीक्षित इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का लाभ जिले के लोगों को मिल सके।

मुलाकात के दौरान दिए गए पत्र में बताया गया कि खूंटी बाइपास सड़क का शिलान्यास 10 मार्च 2026 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया था। इसके साथ ही करीब 2500 करोड़ रुपये की लागत वाली दो अन्य सड़क परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया था। तुपुदाना से कुंदीबारटोली तक 31.31 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क परियोजना, जिसमें खूंटी बाइपास भी शामिल है, को 15 मार्च 2024 को 1907.31 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृति प्रदान की गई थी।

इस परियोजना के लिए 156.6 हेक्टेयर निजी भूमि और 15 हेक्टेयर वन भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। भाजपा नेताओं ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कराई जाए और निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए।

उन्होंने कहा कि फोरलेन सड़क और बाइपास बनने से जिले में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, जाम की समस्या कम होगी और क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *