तीन माह से मानसिक बीमारी का चल रहा था इलाज मुंगेर। जमालपुर–किऊल रेलखंड पर स्थित धरहरा-मानगढ़ समपार फाटक के समीप गुरुवार की सुबह साढ़े 8 बजे हुए एक दर्दनाक रेल हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मानगढ़ गांव निवासी बॉबी कुमार के रूप में हुई है। वह चौकीदार धर्मेंद्र पासवान का दूसरे नंबर का पुत्र था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धरहरा-मानगढ़ समपार फाटक से करीब 20 मीटर पश्चिम डाउन लाइन पर आ रही 53480 डाउन किऊल–जमालपुर डीएमयू ट्रेन की चपेट में आने से बॉबी कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे एवं धरहरा थाना पुलिस को दी। बताया जाता है कि बॉबी कुमार इंटरमीडिएट उत्तीर्ण था और आईटीआई की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के अनुसार वह पिछले लगभग तीन महीने से मानसिक बीमारी से जूझ रहा था तथा उसका इलाज चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह रेलवे ट्रैक पार करने के क्रम में ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। वहीं सूचना मिलने पर धरहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इंकार कर दिया तथा शव को लेकर चले गए। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पूर्व जिला परिषद सदस्य मनोज पासवान ने शोक-संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।