-झूमरबाद में हादसा, बाइक चकनाचूर; पुलिस ने हाइवा और बाइक जब्त कर शुरू की जांच
आदिवासी एक्सप्रेस पतना, प्रतिनिधि
रांगा थाना क्षेत्र के झूमरबाद में शुक्रवार को तेज रफ्तार 16 चक्का हाइवा की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर चकनाचूर हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरहरवा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायल की पहचान उज्जवल कुमार साह के रूप में हुई है, जो राजमहल के पलाशडांगा का निवासी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उज्जवल कुमार साह पतना चम्पाडे स्थित एक क्रेशर कंपनी में कार्य करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान झूमरबाद के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार 16 चक्का हाइवा (वाहन संख्या NL0A-E 7847) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाइवा और बाइक दोनों झूमरबाद होते हुए खैरबनी की ओर जा रहे थे। इसी बीच तेज गति से आ रहे हाइवा चालक ने लापरवाहीपूर्वक बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक हाइवा के नीचे आ गई और पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हालांकि बाइक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाइक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी रांगा थाना पुलिस को भी दी गई। सूचना पर थाना के एएसआई विजय कुमार यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त बाइक तथा हाइवा को जब्त कर थाना ले गए।

