गिरिडीह। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चेन छिनतई की घटनाओं में दो मामलों का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सिहोडीह स्थित मंगल मूर्ति विवाह भवन के समीप करीब शाम छह बजे एक महिला से तथा नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगंडा पावर हाउस के पास करीब शाम सात बजे एक अन्य महिला से दो अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने सोने की चेन छीन ली थी। इन घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 186/2026 दिनांक 11 जुलाई 2026 धारा 304 बीएनएस तथा नगर थाना में कांड संख्या 150/26 दिनांक 12 जुलाई 2026 धारा 304 बीएनएस के अंतर्गत मामले दर्ज किए गए। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने त्वरित उद्भेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर जितवाहन उरांव के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। एसआईटी टीम ने मानवीय आसूचना, तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। धनबाद, बोकारो और कटिहार जिलों के कई थाना क्षेत्रों में छापामारी और तलाशी अभियान चलाया गया। कटिहार जिला के कोढ़ा थाना अंतर्गत नया टोला जुराबगंज में छापामारी के दौरान सफलता मिली। अपराधी के घर से दोनों घटनाओं में छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली गई। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र से छिनी गई चेन का वजन लगभग 11 ग्राम तथा नगर थाना क्षेत्र से छिनी गई चेन का वजन लगभग 19 ग्राम है। अपराधियों की पहचान हो चुकी है। एसआईटी टीम द्वारा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि जिले में इस तरह की घटनाओं पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा। एसआईटी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर जितवाहन उरांव, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम निरज कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) द्वितीय रूपेन्द्र कुमार राणा, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, बमबम कुमार, ज्ञान रंजन, राजीव कुमार, प्रिनन, विवेक कुमार माथुरी, संजय कुमार, विक्रम कुमार सिंह, अरविन्द कुमार सिंह, उपेन्द्र कुमार दास, सोनु कुमार वर्मा, मणिकान्त कुमार तथा तकनीकी शाखा के आरक्षी जोधन महतो, राजेश गोप और विवेक कुमार शामिल हैं। इस सफलता से पीड़ित महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।
गिरिडीह: मुफ्फसिल और नगर थाना क्षेत्र में हुई चेन छिनतई का खुलासा, एसआईटी ने बरामद की चोरी की चेन
- July 25, 2026
0
16
Less than a minute
You can share this post!
administrator
