रिपोर्ट – रवि कुमार
शेरघाटी (गयाजी): शेरघाटी में दिव्या पासवान के साथ कथित दुष्कर्म के बाद हत्या के विरोध में शुक्रवार को भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष सौरव राज के नेतृत्व में गोलाबाजार स्थित जेपी चौक से शेरघाटी थाना तक शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से कैंडल मार्च निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और दिव्या पासवान के हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी देने की मांग की।कैंडल मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि मामले में समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद शेरघाटी थाना पहुंचकर लोगों ने अपना विरोध दर्ज कराया।इस अवसर पर भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष सौरव राज ने आरोप लगाया कि दिव्या पासवान ने अपने साथ हुए कथित अपहरण, दुष्कर्म, मारपीट, एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य मामलों की शिकायत पहले ही शेरघाटी थाना में दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद पीड़िता को कथित रूप से लगातार केस वापस लेने की धमकियां मिलती रहीं, लेकिन प्रशासन ने पर्याप्त कार्रवाई नहीं की।सौरव राज ने यह भी दावा किया कि दिव्या ने अपनी आपबीती से जुड़े कुछ ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि समय रहते प्रशासन ने प्रभावी कार्रवाई की होती तो यह घटना टाली जा सकती थी।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मामले के मुख्य आरोपी राहुल कुमार को गंभीर धाराओं में मामला दर्ज होने के बावजूद कम समय में जमानत मिल गई, जिस पर उन्होंने सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी का स्थानीय थाना में आना-जाना बना रहता था और पुलिस ने उसके खिलाफ सख्ती नहीं बरती।इसके अतिरिक्त सौरव राज ने शेरघाटी थाना पुलिस पर शराब कारोबारियों के साथ मिलीभगत का भी आरोप लगाय प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
शेरघाटी में दिव्या पासवान हत्याकांड के विरोध में भीम आर्मी का कैंडल मार्च, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
