-मुख्य आरोपी इरफान अब भी फरार, पुलिस ने नकदी, जेवर और चोरी में इस्तेमाल जगुआर कार बरामद की
रांची। राजधानी के पॉश इलाके अशोक नगर में एक ही रात दो घरों में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का रांची पुलिस ने खुलासा कर दिया है। विशेष जांच दल (एसआईटी) ने इस मामले में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। वहीं गिरोह का मुख्य आरोपी इरफान सहित अन्य फरार अपराधियों की तलाश में झारखंड समेत कई राज्यों में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 9 जुलाई को अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर स्थित निशित केसरी और अखिलेश पांडेय के घरों में चोरी हुई थी। मामले में अरगोड़ा थाना में कांड संख्या 172/26 दर्ज कर एसआईटी का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्य और तकनीकी जांच के आधार पर अपराधियों की पहचान की।
जांच के दौरान पुलिस ने कोलकाता में छापेमारी कर चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई नीले रंग की जगुआर कार बरामद की। इसके अलावा 17 लाख 36 हजार 200 रुपये नकद, एक सोने का मंगलसूत्र, तीन सोने की अंगूठियां और एक डायमंड भी बरामद किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात को अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सदस्य इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन, अफरोज उर्फ समीर उर्फ समीम और नवीन शर्मा ने अंजाम दिया था। तीनों आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस ने छापेमारी के दौरान इरफान और अफरोज के घरों से उनकी पत्नियों गुलशन प्रवीण और शकीला उर्फ लाडली को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से चोरी के आभूषण और नकदी भी बरामद हुई है।
अनुसंधान में यह भी पता चला है कि मुख्य आरोपी इरफान का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। उसके खिलाफ कानपुर, आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद, गोवा, बेंगलुरु, सूरत, हैदराबाद, छत्तीसगढ़, पुणे, केरल, सीतामढ़ी और जालंधर सहित देश के कई शहरों में चोरी के करीब 80 मामले दर्ज हैं। रांची पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्य भी गिरफ्त में होंगे। इस कार्रवाई में एसआईटी, तकनीकी शाखा, क्यूआरटी और अरगोड़ा थाना पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
