-पतना झिकटिया मुख्य मार्ग पर कुछ देर तक लगा जाम, वैवाहिक समारोह के बीच मची अफरातफरी
पतना-झीकटिया मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक तेज रफ्तार हाइवा (वाहन संख्या जेएच 04 – 5455) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा खाली होने के कारण तेज गति से चल रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और हाइवा सीधे सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा भिड़ी। टक्कर के प्रभाव से पोल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पोल के समीप स्थित एक मकान को भी नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रही, जबकि आसपास मौजूद लोग बाल-बाल बच गए।
घटना के समय दुर्घटनास्थल के ठीक सामने एक वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित था, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। हादसे की तेज आवाज सुनकर कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि हाइवा कार्यक्रम स्थल की विपरीत दिशा में जाकर टकराई, जिससे किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं पहुंची।
दुर्घटना के कारण क्षतिग्रस्त बिजली पोल और सड़क पर खड़े हाइवा की वजह से मुख्य मार्ग पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों की मदद से वाहनों का आवागमन धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनती है। उन्होंने प्रशासन से इस सड़क पर गति नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
