-सरकारी दर से अधिक कीमत पर बिक रही थी यूरिया, डीएम को भेजी जाएगी कार्रवाई की रिपोर्ट
आदिवासी एक्सप्रेस/लवकुश पांडेय
बरडीहा,(गढ़वा)। बरडीहा प्रखंड के कोल्हुवा स्थित रूपरानी खाद बीज भंडार में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रवीण कुमार सिंह ने औचक छापेमारी कर खाद की कालाबाजारी,फर्जी बिक्री और सरकारी नियमों के उल्लंघन का खुलासा किया।जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर बीडीओ ने मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिला पदाधिकारी को भेजकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की अनुशंसा करने की बात कही।निरीक्षण में पाया गया कि दुकान संचालक अशरफी प्रजापति किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित ₹267 प्रति बोरी की जगह ₹400 से ₹450 प्रति बोरी की दर से यूरिया बेच रहा था।पूछताछ में दुकानदार ने अधिक कीमत लेने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि थोक बाजार से खाद खरीदने और परिवहन खर्च के कारण निर्धारित दर पर बिक्री संभव नहीं हो पा रही थी।जांच के दौरान स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर की जांच में भी फर्जीवाड़े के प्रमाण मिले।कई किसानों के नाम पर चार-चार बोरी खाद की बिक्री दर्ज थी।मौके पर मौजूद किसान बबलू यादव ने शिकायत की कि उन्होंने केवल 20 किलो खाद खरीदी थी,जबकि रजिस्टर में उनके नाम पर चार बोरी खाद की बिक्री दर्ज कर शेष खाद की कालाबाजारी की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए ग्रामीणों की उपस्थिति में किसान बबलू यादव को सरकारी निर्धारित दर ₹267 प्रति बोरी पर यूरिया उपलब्ध कराया।किसान ने ऑनलाइन माध्यम से भुगतान किया।बीडीओ ने स्पष्ट कहा कि किसानों के अधिकारों से खिलवाड़ करने और सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी।जांच में मिली अनियमितताओं,फर्जी बिक्री और कालाबाजारी से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन जिला पदाधिकारी को भेजा जा रहा है,ताकि संबंधित दुकानदार के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।मौके पर मौजूद ग्रामीणों और किसानों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
रूपरानी खाद बीज भंडार में बीडीओ की छापेमारी, कालाबाजारी व फर्जीवाड़े का खुलासा
