माधौगढ़/जालौन। जालौन तहसील क्षेत्र के कुठौंद थाना अंतर्गत मदारीपुर गांव के पास मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब खेतों में एक पेड़ से संदिग्ध अवस्था में एक व्यक्ति का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
बताया गया है कि मृतक की पहचान मुस्ताक के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने जब खेतों की ओर जाते समय पेड़ पर शव लटकता देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कुठौंद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध परिस्थितियों से जुड़ा हुआ है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
घटना मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी
