आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो/ कृष्णा गोस्वामी
देवघर: देवघर जिले के चितरा स्थित ईसीएल क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में तुलसीडाबार के एक विस्थापित आदिवासी युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और विस्थापित परिवारों में भारी आक्रोश देखा गया।
घटना दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार चितरा क्षेत्र के 8 नंबर ओबी डंप कोलियरी के समीप खून बस्ती के पास 11 हजार वोल्ट का हाई वोल्टेज बिजली तार अचानक जमीन पर गिरा हुआ था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे अमित मरांडी उसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान अमित मरांडी (पिता- श्रीकांत मरांडी) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अमित अपनी पत्नी के साथ पास के जोरिया में स्नान करने गए थे। स्नान कर दोनों घर लौट रहे थे, तभी सड़क किनारे गिरे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से यह हादसा हो गया। करंट इतना तेज था कि अमित गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी और आक्रोश का माहौल बन गया। गुस्साए ग्रामीणों और विस्थापित परिवारों ने चितरा-जामताड़ा मुख्य सड़क को 8 नंबर ओबी डंप के पास जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने ईसीएल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, सरकारी सहायता और स्थायी राहत देने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि मृतक विस्थापित परिवार से था और खून बस्ती में रहकर किसी तरह अपना जीवन यापन कर रहा था। ऐसे में ईसीएल प्रबंधन को मानवीय आधार पर परिवार की आर्थिक मदद करनी चाहिए।
घटना की सूचना मिलते ही चितरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही एम्बुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंच गई है। हालांकि ग्रामीण और परिजन मुआवजे की घोषणा होने तक सड़क जाम हटाने को तैयार नहीं हैं। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई
हाईटेंशन तार की चपेट में आने से विस्थापित युवक की मौत, मुआवजे की मांग पर सड़क जाम
