Birsa Times

दमदमी माइंस विवाद: रंगदारी, मारपीट और अवैध खनन के आरोपों के बीच मुखिया पति समेत तीन गिरफ्तार

दमदमी माइंस विवाद: रंगदारी, मारपीट और अवैध खनन के आरोपों के बीच मुखिया पति समेत तीन गिरफ्तार

आदिवासी एक्सप्रेस/लालू कुमार यादव

हुसैनाबाद,पलामू: हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दमदमी स्थित स्पेरो माइंस में काम बंद कराने, ट्रकों को रोकने, रंगदारी मांगने और ट्रक चालक के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखिया पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटनास्थल से तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं। मिली जानकारी के अनुसार, माइंस प्रबंधन की ओर से हुसैनाबाद थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया गया कि 10 से 12 की संख्या में पहुंचे कुछ असामाजिक तत्वों ने माइंस में कार्य बाधित कर दिया, ट्रकों का परिचालन रोक दिया तथा रंगदारी की मांग करते हुए चालक के साथ मारपीट की। आवेदन के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों, अजय राजवंशी (मुखिया पति), मनीष कुमार और दीपक कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटनास्थल से तीन मोटरसाइकिलों को विधिवत जब्त किया गया। हालांकि, मामले ने नया मोड़ तब ले लिया जब गिरफ्तार आरोपियों की ओर से यह दावा किया गया कि दमदमी क्षेत्र में संचालित माइंस लंबे समय से कथित रूप से वैध सीटीओ (कंसेंट टू ऑपरेट) के बिना संचालित हो रहा है। आरोपियों का कहना है कि उन्होंने पहले भी माइंस संचालन में अनियमितताओं को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत दी थी बताया गया कि मुखिया पति अजय राजवंशी ने पूर्व में पलामू उपायुक्त समेत संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर दमदमी क्षेत्र में कथित अवैध खनन और खनिज परिवहन की उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि क्षेत्र के पत्थर खनन पट्टों का सीटीओ काफी समय से फेल है, बावजूद इसके उत्खनन और परिवहन जारी है।आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया था कि अन्य जगहों के वैध चालान का उपयोग कर दमदमी क्षेत्र से कथित अवैध खनिज परिवहन किया जा रहा है, जिससे सरकार को राजस्व नुकसान पहुंच रहा है तथा पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन हो रहा है। शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से दमदमी क्षेत्र के सभी खनन पट्टों का भौतिक सत्यापन कराने, फेल सीटीओ वाले पट्टों को सील करने, संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने तथा अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने की मांग की थी।फिलहाल, पुलिस रंगदारी और मारपीट मामले में आगे की जांच कर रही है, वहीं माइंस संचालन को लेकर लगाए गए आरोपों पर प्रशासनिक स्तर पर क्या कार्रवाई होती है, इस पर क्षेत्र की नजर बनी हुई है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *