जेएमएम-कांग्रेस सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद,कानून व्यवस्था के मामले में झारखण्ड देश के सबसे ख़राब राज्यों में एक: सांसद जयंत सिन्हा

हजारीबाग। सांसद जयंत सिन्हा ने शनिवार को हज़ारीबाग व रामगढ़ में झारखण्ड की जर्जर कानून व्यवस्था को लेकर प्रेसवार्ता को सम्बोधित किया। जेएमएम-कांग्रेस सरकार की विफलता के कारण हज़ारीबाग व रामगढ़ समेत झारखण्ड में आज कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। राज्य में आपराधिक घटनाएं दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। उक्त बातें प्रेस वार्ता के दौरान कही सांसद जयंत सिन्हा ने लोकसभा में भी झारखण्ड की कानून व्यवस्था का विषय उठाया है। इसके साथ ही वे राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन के समक्ष भी इस गंभीर मामले को रखने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि झारखण्ड में आज कानून व्यवस्था पूरी तरह से जर्जर हो गयी है। हज़ारीबाग व रामगढ़ ज़िलों समेत पूरे राज्य में अपराधियों का मनोबल चरम पर है। हत्या, दुष्कर्म, चोरी व लूटपाट जैसी घटनाएं राज्य में आम बात हो गयी हैं। रामगढ़ में बीते दिनों एक युवक को 25 बार चाक़ू मारकर उसकी निर्मम हत्या कर दी गयी। ऐसे सैकड़ों मामले हमारे सामने हैं।झारखण्ड में जनता स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही है। जुलाई माह की बात करें तो रामगढ़ में अपराधियों को पकड़ने गयी एटीएस की टीम पर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें एटीएस के डीएसपी समेत रजरप्पा थाने के दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना ने झारखण्ड कि छवि राष्ट्रीय स्तर पर कमज़ोर की है।

देश यह देख रहा है कि जिस राज्य में पुलिस सुरक्षित नहीं है तो वहां जनता का क्या हाल होगा। एनसीआरबी की क्राइम इन इंडिया रिपोर्ट 2021 के अनुसार झारखण्ड में हत्या की दर देश में सबसे अधिक 4.1 प्रतिशत है। झारखण्ड पुलिस की वेबसाइट पर उपलब्ध अपराध के ताजा आंकड़े और भी निराशाजनक स्थिति दर्शाते हैं। जनवरी से मई 2023 के बीच राज्य में संगीन अपराध के लगभग 26,500 मामले दर्ज किये गए हैं। इसके अनुसार राज्य में हत्या और अपहरण जैसे गंभीर अपराध के लगभग 175 मामले हर दिन दर्ज किये जा रहे हैं। ये आंकड़ें बेहद चिंताजनक और गंभीर हैं।

यह दर्शाते हैं कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था को मज़बूत बनाये रखने में असमर्थ है। झारखण्ड में आदिवासियों व महिलाओं समेत हर वर्ग के साथ आपराधिक घटनाएं बड़ी संख्या में हो रही हैं। इन घटनाओं पर काबू पाना हमारे लिए बेहद ज़रूरी है। मैं राज्यपाल महोदय से हर झारखंडवासी की ओर से विनम्र निवेदन करूंगा कि वे इस अत्यंत गंभीर मामले पर संज्ञान लें और राज्य सरकार को कानून व्यवस्था मज़बूत बनाने व अपराधियों पर कठोर से कठोर कार्रवाई करने हेतु निर्देश देने की कृपा करें। सांसद जयंत सिन्हा ने कहा कि जेएमएम-कांग्रेस सरकार की नीतियों और व्यवस्थाओं से जनता बेहद त्रस्त और दुखी है। झारखण्ड वासी 2024 के चुनाव में इस विफल सरकार को हटाने का मन बना चुके हैं।

Related posts

Leave a Comment