Birsa Times

मोहनपुर में नहीं थम रहा है अपराध, युवक का अपहरण कर वसूल 1.60 लाख

मोहनपुर में नहीं थम रहा है अपराध, युवक का अपहरण कर वसूल 1.60 लाख

देवघर। मोहनपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने और फिरौती वसूलने का आरोप लगा है। पीड़ित ने थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चितरपोका निवासी तिजारत अंसारी (33 वर्ष) ने बताया कि 23 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे वह अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान गांव के कुछ युवक एक मोटरसाइकिल से आए और बहाने से उसे तिलकपुर चलने को कहा। भरोसा कर वह अपनी बाइक से एक युवक को लेकर निकल गया।
तिलकपुर पहुंचने पर पहले से मौजूद अन्य आरोपियों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि वहां मौजूद युवकों ने पिस्टल दिखाकर उसे धमकाया और जबरन दूसरी बाइक पर बैठाकर मधुबन जंगल की ओर ले गए। इस दौरान उसकी बाइक भी आरोपी लेकर पीछे-पीछे आए।
जंगल में ले जाकर आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उससे उसकी पत्नी का मोबाइल नंबर लेकर फोन करवाया गया और फिरौती की मांग की गई। पहले 2 लाख रुपये की मांग की गई, बाद में 1 लाख 60 हजार रुपये पर मामला तय हुआ।
पीड़ित के अनुसार, उसकी पत्नी ने परिजनों के साथ मिलकर तय स्थान पर पैसा पहुंचाया। आरोप है कि आरोपियों ने पैसा लेने के बाद भी उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और उसके गले से सोने का आभूषण, चांदी की चेन तथा मोबाइल फोन छीन लिया।
घटना के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा पुलिस की गतिविधि की सूचना मिलने पर आरोपी युवक को जंगल में छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित किसी तरह बाहर निकलकर परिजनों को सूचना दी और घर पहुंचा।
पीड़ित ने मोहनपुर थाना में आवेदन देकर कई नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *