टूटा पैर गया जी मगध मेडिकल कॉलेज रेफर
संतोष कुमार दास
हंटरगंज (चतरा): जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के हंटरगंज- प्रतापपुर मुख्य पथ पर गोपालपुर के समीप मंगलवार देर शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वही युवक का बायां पैर टूट गया। स्थानीय राहगीरों ने इस घटना की जानकारी हंटरगंज थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल युवक को उठाकर एम्बुलेंस के माध्यम से हंटरगंज स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के उपरांत उसे बेहतर इलाज के लिए गया जी मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों ने बताया कि इस घटना में युवक का बायां पैर टूट गया है एवं सिर एवं हाथ में गंभीर चोट लगी है। घायल की पहचान कन्नौदी बेला निवासी सुकन मिस्त्री के 25 वर्षीय पुत्र सोहन मिस्त्री के रूप मे हुई है।दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन लेकर भागने में सफल रहा। वहीं पुलिस क्षतिग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई है। जानकारी के अनुसार युवक अपने गांव से बाइक पर सवार होकर किसी जरूरी काम को लेकर हंटरगंज की ओर आ रहा था, इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसके बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। फिलहाल चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर बायां पैर टूट जाने के वजह से गया जी मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया है।वहीं जिप सदस्य प्रतिनिधि बेचन पासवान ने जिला प्रशासन से बेलगाम रफ्तार में सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों की गति सीमा पर अंकुश लगाने को लेकर जिला प्रशासन से मांग की है। श्री पासवान ने कहा कि अगर इन बेलगाम वाहनों की रफ्तार पर लगाम नहीं लगाई गई तो आने वाले दिनों में और भी दुर्घटना हो सकती है। वहीं युवाओं से अपील की है कि जब भी आप बाइक लेकर सड़क पर निकले तो हेलमेट का प्रयोग जरूर करे।
