एसआईटी की छापेमारी में बोड़ो के किराये के मकान का खुला राज; लाल ब्रेजा कार जब्त, पॉक्सो एक्ट में केस
एसपी बोले- ‘महिला-बच्चों के खिलाफ अपराध पर जीरो टॉलरेंस’
गिरिडीह। पचंबा थाना क्षेत्र के बोड़ो में नाबालिग लड़कियों से जबरन देह व्यापार कराने वाले गिरोह का पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार की एसआईटी ने भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी में दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया और धंधे की सरगना महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घटनास्थल से देह व्यापार में प्रयुक्त लाल रंग की ब्रेजा कार भी जब्त की गई है।
ऐसे हुआ खुलासा
एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि बोड़ो स्थित एक किराये के मकान में एक महिला नाबालिग लड़कियों को डरा-धमकाकर और मारपीट कर देह व्यापार करवा रही है। सूचना के सत्यापन के लिए एसपी ने डीएसपी आर के राणा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया। टीम ने मंगलवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए मकान में छापा मारा। वहां से दो नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया और मौके पर मौजूद महिला क्रांति देवी को हिरासत में ले लिया गया।
पीड़िताओं ने बयां किया दर्द
मुक्त कराई गई दोनों नाबालिग लड़कियों ने पुलिस को बताया कि क्रांति देवी, पति राजकुमार शर्मा, ग्राम बलिया बेड़ा, थाना भरकट्टा ओपी, जिला गिरिडीह, उन्हें डरा-धमकाकर और मारपीट कर जबरन देह व्यापार करवाती थी। पीड़िताओं के बयान के आधार पर पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की।
पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में केस
पचंबा थाना में कांड संख्या 52/26, दिनांक 26.05.2026, धारा 127(4)/143(5)/140(3)/140(4)/70(2)/96(3)(5) बीएनएस एवं 6/10 पॉक्सो एक्ट 2012 के तहत एक नामजद और 4 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। बाद में छापेमारी कर दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- क्रांति देवी, उम्र 42 वर्ष, पति राजकुमार शर्मा, ग्राम बलिया बेड़ा, थाना भरकट्टा ओपी, गिरिडीह 2. मो तौफिक अंसारी, पिता मो ताबिर अंसारी, ग्राम अहारडीह, थाना गांडेय, गिरिडीह 3. मुशरफ अंसारी, पिता समशेर अंसारी, ग्राम घाटकुल, थाना गांडेय, गिरिडीह
जब्ती और छापामारी दल
पुलिस ने घटनास्थल से एक लाल रंग की ब्रेजा चार पहिया वाहन जब्त किया है। छापामारी दल में डीएसपी आर के राणा, इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन कुमार, थाना प्रभारी राजीव कुमार, एसआई दीपक कुमार, एसआई प्रभात कुमार, पचंबा थाना सशस्त्र बल एवं चौकीदार शामिल थे।
क्या कहते है पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा, जिले में महिला एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति है। मानव तस्करी और देह व्यापार जैसे जघन्य अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सूचना मिलते ही कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
