अब तक नहीं हो सकी शिनाख्त
हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने लोगों से पहचान कराने की अपील की
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा : हंटरगंज थाना क्षेत्र के जजलो बाजार के समीप बंद माइंस के पानी भरे गड्ढे में शुक्रवार की अहले सुबह एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। सूचना मिलने के बाद हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन अभी तक महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया है। पुलिस महिला की मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है। हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की महिला परिजन लापता हैं या शव के संबंध में कोई जानकारी हो, तो तत्काल हंटरगंज थाना से संपर्क करें। थाना प्रभारी ने बताया कि शव की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी सूचना दी जा रही है। पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। हालांकि इस मामले में आसपास गांव में जितने मुंह उतनी बात चल रही है। लोग तरह तरह की चर्चा कर रहे हैं। पुलिस ने अफवाहों पर ध्यान ना देने की अपील की है।
