Birsa Times

डायन-बिसाही का आरोप लगाकर महिला से मारपीट,

डायन-बिसाही का आरोप लगाकर महिला से मारपीट,

दोनों पक्षों ने हंटरगंज थाना में दिया आवेदन

आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास

चतरा : हंटरगंज प्रखंड के मीरपुर गांव में डायन-बिसाही का आरोप लगाकर एक महिला के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता बिंदिया देवी ने इस संबंध में हंटरगंज थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। बिंदिया देवी मीरपुर गांव निवासी नरेश यादव की पत्नी हैं।थाना में दिए गए आवेदन में बिंदिया देवी ने बताया कि उनके जेठ हरिवंश यादव लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। आरोप है कि इसी बीमारी को लेकर उनके परिवार के कुछ सदस्य उन्हें डायन-बिसाही से जोड़कर प्रताड़ित करते हैं। पीड़िता के अनुसार, उनकी जेठानी मुनिया देवी तथा उनके पुत्र अखिलेश यादव, रामबली कुमार और सागर कुमार अक्सर इस बात को लेकर गाली-गलौज करते रहते हैं।बिंदिया देवी ने बताया कि बुधवार की देर शाम वह खेत की ओर गोबर फेंकने गई थीं। इसी दौरान वहां पहुंचे अखिलेश यादव ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।आरोप है कि उसने अपने पिता की बीमारी के लिए बिंदिया देवी को जिम्मेदार ठहराते हुए उन पर डायन-बिसाही करने का आरोप लगाया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और अन्य आरोपी भी मौके पर पहुंच गए।पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें उठाकर जमीन पर पटक दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और कुछ समय के लिए बेहोश हो गईं। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें आरोपियों से बचाया।घटना के बाद परिजनों ने घायल बिंदिया देवी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज कराया गया। उपचार के बाद पीड़िता ने हंटरगंज थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।पीड़िता का कहना है कि डायन-बिसाही जैसे अंधविश्वास के नाम पर उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा देने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।मामले में पुलिस आवेदन के आधार पर जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुआ छानबीन की जा रही है, छानबीन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *