Birsa Times

शादी समारोह से वापस लौटते समय ऑटो और बाइक की जोरदार टक्कर, यात्रियों से भरा ऑटो पलटा

शादी समारोह से वापस लौटते समय ऑटो और बाइक की जोरदार टक्कर, यात्रियों से भरा ऑटो पलटा

आठ लोग घायल, दो रेफर

गिरिडीह। गिरिडीह-तिसरी मुख्य मार्ग में गम्हारियाटांड इंडियन पेट्रोल पम्प के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में शादी समारोह से लौट रहे यात्रियों से भरा एक ऑटो और एक बाइक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो पलट गया और उसमें सवार आठ लोग तथा बाइक सवार घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार खटपोंक के कुछ ग्रामीण बेलकुशी महादेव मंदिर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी क्रम में खिजुरी की ओर जा रही एक बाइक ने आ रहे ऑटो से सटीक टक्कर कर दी। हादसे में ऑटो सवार 63 वर्षीय सहदेव हजाम (पिता कुंजो हजाम), 4 वर्षीय प्रियांशु कुमार, कविता कुमारी, रिंकी देवी और बाइक सवार यमुना दास (पिता लक्ष्मण रविदास), रोहित दास समेत कुल आठ लोग घायल हुए। स्थानीय लोगों और कुछ समाजसेवियों की मदद से गंभीर रूप से घायल दो व्यक्तियों को उसी पलटी हुई ऑटो में बैठाकर फौरन नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। बाकी घायलों को खटपोंक के मुखिया जानकी यादव और समाजसेवी प्रकाश यादव ने अपनी गाड़ियाँ उपलब्ध कराकर अस्पताल पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक इलाज किया। चिकित्सकों ने सहदेव हजाम और प्रियांशु कुमार को बेहतर इलाज के लिए उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर कर दिया है। दुर्घटना के समय ऑटो में एक तीन माह का शिशु भी मौजूद था, उसे कोई चोट नहीं आई। शिशु की मां को बच्चे को बचाते समय हल्की-सी चोट आई है। घटना की सूचना पाकर तिसरी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँचकर आगे की कार्रवाई और जांच में जुट गई हैं।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *