Birsa Times

ऋण वसूली के दौरान एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला

ऋण वसूली के दौरान एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला

अजय कुमार कुशवाहा
आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो साहिबगंज

बरहरवा, रांगा थाना क्षेत्र में ऋण वसूली के दौरान एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना में शाखा प्रबंधक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरहरवा स्थित शेव माइक्रो फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक एमडी गुलफराज (32 वर्ष), जो गोड्डा जिले के मेहरमा थाना अंतर्गत फाजिल कुटहरी गांव के निवासी हैं, अपने सहयोगियों समरेश सिंह और विश्वजीत के साथ रांगा थाना क्षेत्र के केंदुआ गांव में ऋण वसूली के सिलसिले में पहुंचे थे। बताया जाता है कि संबंधित ऋणी बीना देवी, पति नयन रजक से बकाया राशि की वसूली को लेकर बातचीत चल रही थी।

इसी दौरान, ऋणी के पुत्र श्रीनाथ रजक (लगभग 28 वर्ष) ने अचानक आक्रामक रुख अपनाते हुए कथित रूप से धारदार हथियार से गुलफराज पर हमला कर दिया। हमले में उनके दाहिने पैर में गंभीर चोट आई, जिससे काफी रक्तस्राव हुआ। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनके पैर में 5 से 6 टांके लगाए।

घटना के बाद आरोपी स्वयं रांगा थाना पहुंच गया और मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे हिरासत में ले लिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के पीछे ऋण भुगतान को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल जारी है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के कर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *