अजय कुमार कुशवाहा
आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो साहिबगंज
साहेबगंज/बरहरवा:आगामी पश्चिम बंगाल में होने वाले पहले चरण के विधानसभा चुनाव को लेकर साहिबगंज जिले के बंगाल सीमा से सटे क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। 23 तारीख को 152 सीटों पर होने वाले मतदान को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।जिले के कोटालपोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत रहीम ताड़ चेकपोस्ट, जीवनपुर चेकपोस्ट तथा बरहरवा थाना क्षेत्र के फूटानी मोड़ चेकपोस्ट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सभी चेकपोस्टों को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है और आने-जाने वाले हर वाहन की सघन जांच की जा रही है।बरहरवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने सीमावर्ती इलाकों में विशेष अभियान चलाया है। इस दौरान बरहरवा थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह और कोटालपोखर थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया भी मौजूद रहे।
प्रशासन का मुख्य उद्देश्य चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या चुनाव को प्रभावित करने वाली घटनाओं पर रोक लगाना है। पुलिस द्वारा लगातार गश्त और जांच अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सीमा क्षेत्रों में चौकसी और भी बढ़ाई जाएगी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
