Birsa Times

टूरिस्ट परमिट पर भाड़ा ढो रही फौजी ट्रैवल्स की एसी बस पकड़ी, 37 हजार का चालान

टूरिस्ट परमिट पर भाड़ा ढो रही फौजी ट्रैवल्स की एसी बस पकड़ी, 37 हजार का चालान

रामपुरा (जालौन)। परिवहन विभाग ने बुधवार सुबह अवैध व्यावसायिक परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फौजी ट्रैवल्स की एक एसी बस को टूरिस्ट परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए यात्रियों और माल की ढुलाई करते पकड़ा। बस का 37 हजार रुपये का चालान काटकर उसे रामपुरा थाने में दाखिल कर दिया गया है। आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत किए जाने के बाद ही वाहन को छोड़ा जाएगा।

यात्री कर एवं माल कर अधिकारी (पीटीओ) आनंद राय कुरील ने बताया कि फौजी ट्रैवल्स की टूरिस्ट परमिट वाली बसों द्वारा नियमित रूप से सवारियां ढोने तथा दिल्ली से व्यापारिक माल का भाड़ा लाने-ले जाने की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के लिए बुधवार सुबह करीब 6 बजे से जगम्मनपुर स्थित यमुना पुल पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान फौजी ट्रैवल्स की एसी बस संख्या UP61CT5134 को रोककर जांच की गई, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं।

जांच के दौरान बस पर टूरिस्ट परमिट की शर्तों के उल्लंघन सहित विभिन्न नियमों का पालन न किए जाने की पुष्टि हुई। परिवहन विभाग ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 37 हजार रुपये का ई-चालान जारी किया। चालान में बिना वैध अनुमति वाहन संचालन, हाथ में मोबाइल या संचार उपकरण का उपयोग, वाणिज्यिक वाहन में निर्धारित रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप एवं गति सीमा उपकरण संबंधी नियमों का उल्लंघन, ध्वनि प्रदूषण संबंधी मानकों का उल्लंघन, परमिट की शर्तों का उल्लंघन तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन की धाराएं शामिल की गई हैं। निरीक्षण के दौरान बस में प्रेशर हॉर्न लगे होने और फुटकर सवारियां ढोने का भी उल्लेख किया गया।

कार्रवाई के बाद बस को रामपुरा थाने में सुरक्षित खड़ा करा दिया गया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि वाहन स्वामी द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने और नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही वाहन को मुक्त किया जाएगा।

पीटीओ आनंद राय कुरील ने कहा कि अवैध रूप से यात्रियों एवं व्यापारिक माल का परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन संचालकों से अपील की कि वे परमिट की शर्तों और परिवहन नियमों का पूर्ण पालन करें, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित बस एवं अन्य व्यावसायिक वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे विशेष जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *