Birsa Times

नशे में बाइक चला रहे युवक की दूसरी बाइक से भिड़ंत, एक गंभीर घायल

नशे में बाइक चला रहे युवक की दूसरी बाइक से भिड़ंत, एक गंभीर घायल

जगम्मनपुर (जालौन)। रामपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीन लोगों को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम कंजौसा निवासी निर्भय सिंह (40) पुत्र रामगोपाल अपनी प्लेटिना मोटरसाइकिल (UP 92 AJ 3321) से कथित रूप से शराब के नशे में अपने तीन साथियों के साथ मढ़ेपुरा से कंजौसा जा रहे थे। इसी दौरान सामने से ग्राम जगम्मनपुर निवासी हरेंद्र सिंह पुत्र वीर सिंह यादव अपने छोटे भाई शिवम और दो वर्षीय भतीजे डुग्गू के साथ पंचनद स्थित बाबा साहब मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार और कथित नशे के कारण निर्भय सिंह की बाइक असंतुलित होकर हरेंद्र सिंह की डीलक्स मोटरसाइकिल (UP 92 AB 4457) से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना में निर्भय सिंह के पैरों में गंभीर चोटें आईं, जबकि हरेंद्र सिंह, शिवम और मासूम डुग्गू को हल्की चोटें लगीं।

घायल निर्भय सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची रामपुरा थाना पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में तहरीर नहीं दी गई थी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *