Birsa Times

इटखोरी में बोलेरो के चकमे से ऑटो और बाइक में भीषण टक्कर; नई नवेली दुल्हन की मौत, पति का स्थित गंभीर

इटखोरी में बोलेरो के चकमे से ऑटो और बाइक में भीषण टक्कर; नई नवेली दुल्हन की मौत, पति का स्थित गंभीर

शादी के 17वें दिन उजड़ा सुहाग,गांव में पसरा मातम

आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास

इटखोरी (चतरा) : चतरा के इटखोरी से इस वक्त की एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली और बेहद संवेदनशील खबर सामने आ रही है, जो आपके कलेजे को कंपा देगी। रफ्तार के कहर ने एक बार फिर हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया है। अभी जिस बेटी के हाथों की मेहंदी का रंग भी नहीं छूटा था, शादी के महज 17वें दिन उसी नवविवाहिता की अर्थी उठ गई। इटखोरी क्षेत्र के पीतीज स्थित गुल्ली मोड़ पेट्रोल पम्प के पास एक भीषण सड़क हादसे में 22 वर्षीय निशु देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके 28 वर्षीय पति मंटू भुइयाँ जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं, ऑटो में बैठे तीन लोग हुए घायल तीनों रेफर। इस हादसे के बाद इलाके में भारी बवाल खड़ा हो गया है। यह हृदय विदारक घटना चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर पीतीज के गुल्ली मोड़ के समीप हुई है। जानकारी के मुताबिक, मृतका निशु देवी और उसके पति मंटू भुइयाँ की शादी इसी महीने की 15 मई को हुई थी। शादी के बाद निशु अपने पति के साथ मायके यानी हजारीबाग के पदमा थाना क्षेत्र के गोरिया कर्मा आई हुई थी। शनिवार को दोनों बाइक पर सवार होकर वापस अपने ससुराल, चतरा के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक गुल्ली मोड़ के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी ने उन्हें जोरदार चकमा दिया। बोलेरो के झटके से बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे सामने से आ रहे एक ऑटो से जा टकराई। टक्कर इतनी भयावह थी कि ऑटो बीच सड़क पर ही पलट गया। इस भीषण हादसे में 22 साल की निशु देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका पति मंटू भुइयाँ लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल मंटू भुइयाँ को इटखोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हजारीबाग रेफर कर दिया है। वहीं, इस हादसे की खबर जैसे ही परिजनों और उनके परिचितों को मिली, कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया था,जिससे सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं, लेकिन कुछ देर बाद जाम को हटा दिया गया। स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर था। चतरा में बेलेगाम रफ्तार अब आम बात हो गई है, जहाँ बेगुनाह राहगीर मौत के मुंह में समा रहे हैं और प्रशासन सिर्फ आंकड़े गिनने में व्यस्त है। शाम होने की वजह से आज पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका, इसलिए कल सुबह सभी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेजा जाएगा। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया गया है और परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *