दोनों युवक गंभीर रूप से घायल, गया रेफर
निर्माण से पहले सुरक्षा का ध्यान रखा जाता तो न होता हादसा,
पुलिया निर्माण के पास नहीं लगा कोई डिवाइडर और न चेतावनी बोर्ड
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
हंटरगंज(चतरा): जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हंटरगंज – औरु गेरुआ मुख्य पथ हंटरगंज नहर के पास पुलिया निर्माण के दौरान सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। खुले गड्ढे में बाइक गिरने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की देर शाम दोनों युवक एक बाइक पर सवार होकर हंटरगंज बाजार से अपने घर डाहा जा रहे थे। इसी दौरान हंटरगंज नहर के समीप सड़क पर अचानक सामने गड्ढा दिखा और उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। उनकी बाइक सीधे गड्ढे में गिर गई, जिससे वे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल दोनों घायलों को गड्ढे से बाहर निकाला और हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चोट होने के गया मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों की पहचान डाहा निवासी जठन भारती के 16 वर्षीय पुत्र आदित्य भारती और इसी गांव तनेशर भारती के 26 वर्षीय पुत्र प्रदीप भारती के रूप में हुई है, आदित्य को छाती में गंभीर चोट पहुंची है जबकि प्रदीप भारती को सिर में चोट आई है। इधर जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर डाहा पंचायत समिति सदस्य मुर्शीद आलम पहुंचे और घायल युवकों का हालचाल जाना वही परिजनों को ढांढस बंधवाया। न तो कोई डिवाइडर था और न चेतावनी बोर्ड
इस सड़क पर संवेदक के द्वारा अभी पुलिया का निर्माण कार्य किया जा रहा है। निर्माण के लिए सड़क पर एक गहरा गड्ढा खोदा गया था, लेकिन उसके चारों ओर न तो कोई डिवाइडर लगाया गया था और न ही कोई चेतावनी बोर्ड या अन्य सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
