देवघर: शहर के बिलासी बाईपास रोड स्थित हीरो शोरूम के समीप शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग टोटो पर सवार होकर एक विवाह समारोह से वापस अपने घर रिखिया थाना क्षेत्र के बारा गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बिलासी बाईपास रोड पर एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कंटेनर सड़क किनारे खड़ा था, तभी पीछे से आ रहे टोटो ने कंटेनर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि टोटो के परखच्चे उड़ गए।
इस हादसे में दासों मंडल (करीब 55 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो बच्चे और एक बुजुर्ग भी शामिल बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने बिलासी बाईपास रोड पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और भारी वाहनों की निगरानी बढ़ाने की मांग की
बिलासी बाईपास रोड पर भीषण सड़क हादसा, एक की मौत, चार घायल
