संतोष कुमार दास
चतरा : झारखंड के चतरा और हजारीबाग बॉर्डर से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर आ रही है, जहां सुरक्षाबलों ने भीषण मुठभेड़ में चार कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए नक्सलियों में 15 लाख का इनामी सब-जोनल कमांडर सहदेव महतो और छत्तीसगढ़ से आई महिला नक्सली नताशा के शामिल होने की खबर है। चतरा के पिपरवार और हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र स्थित बटुका जंगल में यह मुठभेड़ हुई। गुप्त सूचना के आधार पर जिला पुलिस और कोबरा बटालियन ने साझा ऑपरेशन चलाया। खुद को घिरा देख नक्सलियों ने फायरिंग शुरू की, जिसके जवाब में जवानों ने चार नक्सलियों को मौके पर ही ढेर कर दिया। घटनास्थल से दो AK-47, एक अमेरिकन राइफल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं। चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि इलाके में अभी भी सघन सर्च ऑपरेशन जारी है। इस कामयाबी को झारखंड में नक्सल उन्मूलन की दिशा में एक ऐतिहासिक जीत माना जा रहा है
