-दुकान लौटने के दौरान पोल से टकराई बाइक, अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
देवघर आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो | कृष्णा गोस्वामी
मधुपुर (देवघर)। मधुपुर शहर के प्रसिद्ध हार्डवेयर व्यवसायी राजू चौधरी की सोमवार को एक सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजू चौधरी भगत सिंह चौक स्थित अपनी हार्डवेयर दुकान से बाइक पर गोदाम गए थे। गोदाम से वापस दुकान लौटने के दौरान उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे एक विद्युत पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें गंभीर अवस्था में अनुमंडलीय अस्पताल, मधुपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर और उनके आवास पर परिजनों, रिश्तेदारों, व्यापारियों, मित्रों एवं शुभचिंतकों की भारी भीड़ जुट गई। राजू चौधरी के निधन की खबर से पूरे व्यापारिक जगत में शोक का माहौल है। लोगों ने उन्हें एक मिलनसार और सम्मानित व्यवसायी बताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की।
सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
राजू चौधरी के असामयिक निधन से मधुपुर के व्यापारिक एवं सामाजिक क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
मधुपुर के प्रसिद्ध व्यवसायी राजू चौधरी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, शहर में शोक की लहर
