आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता
पाटन (पलामू): पलामू जिले के पाटन प्रखंड अंतर्गत नावाजयपुर थाना क्षेत्र की नावाखास पंचायत में एक गरीब पशुपालक की आजीविका पर बड़ा संकट आ गया है। पंचायत निवासी अखिलेश यादव की दुधारू गाय की जंगल में चरने के दौरान किसी जहरीले जीव के काट लेने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और आर्थिक संकट गहरा गया है।
जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन की तरह अखिलेश यादव अपनी दुधारू गाय को जंगल में चरने के लिए छोड़ने गए थे। चराई के दौरान अचानक किसी जहरीले जीव ने गाय को काट लिया। जहरीले जीव के काटते ही गाय की हालत बिगड़ने लगी और वह मौके पर ही तड़पने लगी। काफी प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। गाय मालिक अखिलेश यादव ने बताया कि यह दुधारू गाय उनके परिवार की आय का मुख्य स्रोत थी। वे गाय का दूध बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। गाय की अचानक मौत से परिवार की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि अब परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर पीड़ित पशुपालक को शीघ्र उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि वह दोबारा पशुपालन कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर सके। अखिलेश यादव ने जिला प्रशासन एवं पशुपालन विभाग से मांग करते हुए कहा है कि घटना की जांच कर सरकारी प्रावधानों के तहत उन्हें आर्थिक सहायता एवं मुआवजा दिया जाए। उनका कहना है कि गरीब परिवार के लिए यह नुकसान किसी बड़ी आपदा से कम नहीं है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के जंगलों में जहरीले जीवों का खतरा लगातार बना रहता है, जिससे मवेशियों के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने तथा प्रभावित पशुपालकों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। अब पीड़ित परिवार को जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से राहत मिलने की उम्मीद है।
जहरीले जीव के काटने से दुधारू गाय की मौत, पीड़ित परिवार ने सरकार से मांगा मुआवजा
