गिरिडीह। गिरिडीह के जमुआ थाना क्षेत्र के भिखोडीह गांव में रहने वाले नीरज हाजरा के अपहरण व हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मृतक की होने वाली पत्नी उर्मिला कुमारी और उसके साढ़ू सुभाष पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के बीच प्रेम संबंध था और इसी कारण नीरज की हत्या की साजिश रची गई। मिली जानकारी के अनुसार नीरज हाजरा राजस्थान में मजदूरी करता था और उसकी शादी सात जुलाई को होनी थी। वह चार जुलाई को राजस्थान से घर लौटा था, लेकिन उसी दिन रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गया। पांच जुलाई को उसके पिता सुभाष हाजरा ने जमुआ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई (कांड संख्या 201/2026)। जांच के दौरान बिहार के जमुई जिले के बेला जंगल से एक अज्ञात शव मिला, जिसकी बाद में पहचान नीरज के रूप में हुई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गहन अनुसंधान के बाद उर्मिला व सुभाष पासवान को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों के प्रेम प्रसंग व मिलकर नीरज को रास्ते से हटाने की साजिश का खुलासा हुआ। आरोप है कि आरोपियों ने नीरज की हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया ताकि घटना छिपाई जा सके। पुलिस ने एक होंडा स्कूटी और दो चाकू बरामद किए हैं। इस मामले की छानबीन गिरिडीह पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने की। इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर प्रदीप दास, जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव, रोहित कुमार सिंह, छाया किस्कू, रोशन कुमार, मणिलाल सिंह, संजय यादव, सुमित कुमार सिंह, वेद प्रकाश पांडे व अन्य सदस्य शामिल रहे।
नीरज हाजरा हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, प्रेम संबंध के चलते युवक का अपहरण कर की गई थी हत्या, होने वाली पत्नी व साढ़ू गिरफ्तार
