ब्यूरो चीफ
महेन्द्र कुमार गौतम जालौन
माधौगढ़ तहसील क्षेत्र के लक्ष्मणपुरा गांव निवासी एक महिला ने अपने ही जेठ पर गंभीर आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।
दिन बुधवार समय लगभग 1:20 मिनट पर तहसील पहुंची महिला ने शिकायती पत्र देकर बताया कि उसके जेठ द्वारा उसके हिस्से के मकान पर जबरन कब्जा कर लिया गया है। महिला का कहना है कि पति की मृत्यु के बाद वह अपने हिस्से के मकान में रहने की उम्मीद कर रही थी, लेकिन उसके जेठ ने मकान पर कब्जा कर लिया और अब बार-बार कहने के बावजूद हिस्सा वापस देने को तैयार नहीं हैं।
महिला ने आरोप लगाया कि जब भी वह अपने हिस्से की बात करती है तो उसे टाल दिया जाता है और मानसिक रूप से परेशान किया जाता है। इस पूरे मामले से वह काफी परेशान और भयभीत है।
महिला ने प्रशासन से मांग की है कि उसके हिस्से का मकान उसे वापस दिलाया जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।
उपजिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में महिला ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उसके सामने रहने की बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है।
वहीं शिकायती पत्र मिलने के बाद उपजिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर प्रकरण का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया है।
