सांसद जयंत सिन्हा की पहल पर बीआरएल प्लांट ने वापस लिया श्रमिकों के निलंबन का आदेश

मोदी सरकार श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा हेतु पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है: सांसद जयंत सिन्ह

हजारीबाग। सांसद सह अध्यक्ष वित्त संबंधी संसदीय स्थायी समिति जयंत सिन्हा 14 जून को हजारीबाग लोकसभा के दौरे पर थे। वे हजारीबाग व रामगढ़ में महा जनसंपर्क अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हो रहे थे। इस दौरान उन्हें रामगढ़ के मरार स्थित बीआरएल प्लांट में श्रमिकों द्वारा उनके निलंबन को लेकर दिए जा रहे धरने के बारे में सूचना मिली। उन्हें बताया गया कि यह श्रमिक लगभग 8 घंटों से प्लांट के गेट पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। श्री सिन्हा ने तत्काल इस मामले पर संज्ञान लिया और तुरंत बीआरएल प्लांट श्रमिकों के बीच पहुंचे।

उन्होंने यहां प्लांट के महाप्रबंधक व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर पूरे मामले की जानकारी ली। साथ ही श्रमिकों से भी विस्तृत चर्चा की। श्रमिकों ने उन्हें बताया कि प्लांट प्रबंधन द्वारा गलत तरीका अपनाते हुए उनका निलंबन कर उन्हें कार्य पर जाने से रोका जा रहा है। श्री सिन्हा ने इस मामले पर कार्रवाई करते हुए प्लांट प्रबंधन और श्रमिकों के बीच मध्यस्थता की।

उन्होंने महा प्रबंधक और अन्य अधिकारियों से श्रमिकों के हित में उचित निर्णय लेने और उन्हें तत्काल कार्य पर वापस जाने देने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रमिकों से कहा कि हम आपके अधिकारों की सुरक्षा के लिए सदैव साथ खड़े हैं। आपको बेहतर सुविधाएं मिलें इसके लिए कार्यरत हैं। सभी श्रमिक अपने सांसद की बात से सहमत हुए और उनका समर्थन किया।तत्पश्चात जयंत सिन्हा ने प्लांट का गेट खुलवाकर सभी श्रमिकों को कार्य पर वापस भिजवाया। उन्होंने कहा कि मैं इस संबंध में अधिकारियों से पुनः चर्चा करूंगा ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके।

हजारीबाग व रामगढ़ में श्रमिक भाई-बहनों को कोई समस्या न आए, इसके लिए मैं सदैव प्रयासरत रहता हूं। मोदी सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा व उन्हें उनके सभी अधिकार दिलवाने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।

Related posts

Leave a Comment