जेसीबी से समतल कराया गया जमीन
आदिवासी एक्सप्रेस/दीपक यादव
पांडू,पलामू। जिले के पांडू प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत डाला कला में स्तरोन्नत उच्च विद्यालय डाला कलां के समीप स्थित जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है।आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने गैरमजरूआ भूमि को कब्जाने की नीयत से जेसीबी मशीन लगाकर जमीन का समतलीकरण करा दिया।ग्रामीणों के अनुसार सोमवार की शाम अचानक जेसीबी मशीन से जमीन समतल की जा रही थी।जब लोगों को इसकी जानकारी मिली तो मामला संदिग्ध लगा और वे मौके पर पहुंचे।इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य से संपर्क किया। प्रधानाचार्य ने स्पष्ट किया कि विद्यालय की ओर से किसी प्रकार का निर्माण या समतलीकरण कार्य नहीं कराया जा रहा है।मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने मंगलवार को पंचायत के मुखिया को लिखित शिकायत देने की बात कही।वहीं पंचायत के मुखिया राम कुमार यादव ने बताया कि उन्हें अभी तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है,लेकिन मामला सही पाए जाने पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्थिति में गैरमजरूआ भूमि पर अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय के आसपास की जमीन सार्वजनिक उपयोग की है,जिसे कुछ लोग निजी स्वार्थ में हड़पना चाहते हैं।उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उपायुक्त पलामू सहित वरीय अधिकारियों से शिकायत करेंगे।फिलहाल गांव में इस मुद्दे को लेकर तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
