डिजिटल माध्यम से दिया जा रहा प्रशिक्षण, दो बैचों में 70 प्रशिक्षक शामिल
रांची। जिले में जनगणना 2027 के पहले चरण को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में डीसी की अध्यक्षता में फील्ड ट्रेनर्स के लिए विस्तृत प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य को पूरी तरह डिजिटल, सटीक और समय पर पूरा करना है। जिले में कुल 70 फील्ड ट्रेनर्स को दो बैचों में बांटा गया है। प्रत्येक बैच में 35 प्रशिक्षक शामिल हैं। द्वितीय बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण 13 अप्रैल से शुरू हुआ, जो 15 और 16 अप्रैल को भी जारी रहेगा। यह प्रशिक्षण समाहरणालय के बी ब्लॉक स्थित कक्ष में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान ट्रेनर्स को सीएमएमएस पोर्टल और मोबाइल एप के जरिए जनगणना की पूरी प्रक्रिया सिखाई जा रही है। इसमें मकान सूचीकरण, मकानों की गिनती, डिजिटल डेटा संग्रह और हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन से जुड़ी जानकारी विस्तार से दी जा रही है। यह प्रशिक्षण राज्य स्तर के दिशा-निर्देशों के अनुसार मास्टर ट्रेनर्स द्वारा दिया जा रहा है, ताकि सभी प्रक्रियाएं एक समान और त्रुटिरहित तरीके से पूरी हो सकें। द्वितीय बैच में बुण्डू, चान्हो, रातु, खलारी, ओरमांझी, नामकुम, ईटकी और अनगड़ा क्षेत्रों के फील्ड ट्रेनर्स शामिल हैं। इन सभी क्षेत्रों में जनगणना कार्य को सही तरीके से संचालित करने के लिए प्रशिक्षकों को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद यही फील्ड ट्रेनर्स अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों और सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षित करेंगे। इससे जनगणना का कार्य जमीनी स्तर पर बेहतर तरीके से लागू किया जा सकेगा। जनगणना 2027 देश की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिससे मिलने वाले आंकड़े सरकार की योजनाओं और नीतियों के निर्माण में उपयोग किए जाएंगे। सटीक आंकड़े मिलने से विकास योजनाओं को सही दिशा देने में मदद मिलेगी। प्रशिक्षण के पहले दिन संबंधित पदाधिकारी भी मौजूद रहे और व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और सभी निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया, ताकि जनगणना का कार्य बिना किसी त्रुटि के पूरा किया जा सके।
