Birsa Times

देवघर में ब्राउन शुगर कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, महिला समेत छह गिरफ्तार

देवघर में ब्राउन शुगर कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, महिला समेत छह गिरफ्तार

आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो | कृष्णा गोस्वामी

देवघर – देवघर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त एक महिला समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। जसीडीह थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 76.19 ग्राम ब्राउन शुगर, 63 हजार रुपये नकद तथा छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में नशा विरोधी अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 10 जून को जसीडीह थाना क्षेत्र स्थित रेलवे स्टेशन के समीप एक धर्मशाला के पीछे खुले मैदान में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए एकत्र हुए हैं और कारोबारियों के संपर्क में हैं।
सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर छह संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 76.19 ग्राम ब्राउन शुगर, 63 हजार रुपये नकद और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी रेल मार्ग समेत अन्य माध्यमों से ब्राउन शुगर लाकर देवघर जिले के विभिन्न इलाकों में इसकी आपूर्ति करते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुल मोहम्मद उर्फ चाचा, रवि झा, बबलू चौधरी, अजय कुमार महथा, खुशबू देवी और इस्माइल अंसारी उर्फ राजू खान के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी गुल मोहम्मद और अजय कुमार महथा के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में जसीडीह थाना कांड संख्या 198/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2)(b), 3(5) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है तथा नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। देवघर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *