लोकसभा चुनाव 2019: बिहार की चार लोकसभा सीटों पर 53% वोेटिंग

बिहार की चार लोकसभा और नवादा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान छिटपुट घटनाओं के बीच कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा। पहले चरण में करीब 71 लाख वोटरों ने 44 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला किया। इसकी घोषणा मतगणना के बाद 23 मई को की जाएगी। मतदान के लिए 7486 मतदान केंद्र बनाए गए थे। मतदाताओं की सहूलियत के लिए गया, नवादा, औरंगाबाद और जमुई लोकसभा क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था। पहले चरण में बिहार की चार लोकसभा सीटों पर करीब 53 फीसद वोट पड़े। 

ऐसा रहा मतदान का ट्रेंड, जानिए हर घंटे कैसे बढ़े वोट:-

06 बजे – गया: 56, औरंगाबाद: 49.85, नवादा: 52.5, जमुई: 54 फीसद मतदान। बिहार की चारों सीटों पर कुल मतदान: 53.08 फीसद। 
05 बजे – गया: 48.66, औरंगाबाद: 49.5, नवादा: 49, जमुई: 54 फीसद मतदान। बिहार की चारों सीटों पर कुल मतदान: 50.26 फीसद। 
04 बजे –
 गया: 46, औरंगाबाद: 48.75, नवादा: 47, जमुई: 53.35 फीसद मतदान। बिहार की चारों सीटों पर कुल मतदान: 48.74 फीसद। 
03 बजे – 
गया: 44, औरंगाबाद: 38, नवादा: 43, जमुई: 41.34 फीसद मतदान। बिहार की चारों सीटों पर कुल मतदान: 41.73 फीसद। 
02 बजे – गया: 38, औरंगाबाद: 36.2, नवादा: 39, जमुई: 32.50 फीसद मतदान। बिहार की चारों सीटों पर कुल मतदान: 36.49 फीसद। 
01 बजे – 
गया: 33, औरंगाबाद: 34.06, नवादा: 37, जमुई: 29 फीसद मतदान। बिहार की चारों सीटों पर कुल मतदान: 33.25 फीसद। 
12 बजे – 
गया: 23, औरंगाबाद: 25, नवादा: 27, जमुई: 23 फीसद मतदान। बिहार की चारों सीटों पर कुल मतदान: 24.57 फीसद। 
11 बजे – गया: 21, औरंगाबाद: 17.1, नवादा: 22, जमुई: 21 फीसद मतदान। बिहार की चारों सीटों पर कुल मतदान: 20.31 फीसद। 
10 बजे – गया: 19, औरंगाबाद: 13.46, नवादा: 9, जमुई: 14 फीसद मतदान। बिहार की चारों सीटों पर कुल मतदान: 13.73 फीसद।
09 बजे – गया: 13, औरंगाबाद: 6.8, नवादा: 5, जमुई: 5.87 फीसद मतदान। बिहार की चारों सीटों पर कुल मतदान: 7.58 फीसद। 
08 बजे – गया: 11, औरंगाबाद: 5.60, नवादा: 3, जमुई: 3 फीसद मतदान। बिहार की चारों सीटों पर कुल मतदान: 5.57 फीसद।

वोटिंग के दौरान संबंधित इलाकों में प्रत्‍याशियों व जनप्रतिनिधियों ने भी वोट दिए। इस दौरान गया जिला के  स्वराज पुरी रोड स्थित मतदान संख्या 120 पर बिहार सरकार के कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार मतदान करने लिए साइकिल से पहुंचे।

औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत नक्सल प्रभावित इलाके देव के ढिबरा थाना क्षेत्र स्थित भलुआहि के समीप  नकली ईवीएम के साथ एक व्‍यक्ति सुरेश पासवान को हिरासत में लिया गया है। आरोपित पोलिंग बूथ के बाहर एक राजनीतिक दल को वोट देने को लेकर मतदाताओं को जानकारी दे रहा था। नकली ईवीएम को इस तरह बनाया गया है कि इसमें असली ईवीएम की तरह बटन दबाने पर आवाज आती है।

नवादा के बूथ संख्‍या 147 पर असामाजिक तत्‍वों ने मतदान प्रभावित करने की कोशिश की। इस कारण वहां जिलाधिकारी के आदेश पर लाठीचार्ज किया गया। नवादा के ही गोविंदपुर स्थित बूथ संख्‍या 215 पर असामाजिक तत्‍वों ने हंगामा किया। उन्‍होंने कंट्रोल बॉक्‍स तोड़ दिया। इस सिलसिले में एक की गिरफ्तारी की गई। नवादा में बूथ नंबर 270 पर जमकर मारपीट हुई। वहां राजद समर्थकों पर मतदाताओं को पीटने का आरोप लगा। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

नवादा के घोस्तमा गांव स्थित बूथ संख्या 139 पर मतदान कराने पहुंचे कर्मी को शराब के नशे में धुत पाया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। मतदान कर्मी रोह प्रखंड के हर्षित पुर प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक अरविंद कुमार बताया गया।

जमुई संसदीय क्षेत्र के शेखपुरा विधान सभा के बूथ नंबर 95 ओठमा गांव में लोगों ने सड़क और पानी की समस्या को लेकर वोट बहिष्कार किया। जमुई के तरी दाबिल बूथ संख्या 232 पर लगभग 1300 मतदाताओं ने वोट का बहिष्कार किया। नवादा के वारिसलीगंज विधानसभा के बरडीहा बलियारी बूथ पर वोट बहिष्कार किया गया। नवादा में चार बूथों पर वोट बहिष्कार की सूचना मिली। औरंगाबाद के टिकारी विधानसभा में बूथ संख्या 121 (प्राथमिक विद्यालय सीता बिगहा) और बूथ संख्या 209 (उत्क्रमित मध्य विद्यालय थानापुर) पर भी ‘रोड नही तो वोट नहीं’ के नारे के साथ वोट बहिष्कार किया गया।

गया के डुमरिया स्थित अरबन सलैया बूथ के बाहर एक केन बम मिलने से हड़कम्‍प मच गया। यह बूथ नक्‍सली इलाके में थे। औरंगाबाद संसदीय क्षेत्र के इमामगंज थाना क्षेत्र के  छाकरबंदा में भी एक आइईडी बरामद किया गया। इसकी पुष्टि एसएसपी राजीव मिश्रा ने की है। इससे पहले कल भी सीआरपीएफ के कोबरा जवानों ने डुमरिया में ही एक बूथ के पास नक्सलियों द्वारा प्‍लांट किए दो आइईडी और एक देसी बम को बरामद कर डिफ्यूज किए थे। गया में बमों की बरामदगी के बाद सुरक्षा बलों ने नक्‍सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

सुबह सात बजे सभी सीटों के लिए मतदान शुरू हुआ। इसके लिए बूथों पर पहले से ही कतार लग चुकी थी। मतदान को लेकर युवा व महिला मतदाताओं में उत्‍साह दिखा। बूथों पर बूढ़े मतदाताओं की संख्‍य भी कम नहीं दिखी।

मतदान शुरू होने के पहले घंटे में कई जगह पोलिंग शुरू नहीं हो सकी थी। नवादा लोकसभा के बरबीघा विधानसभा बूथ संख्या 51 पर ईवीएम में तकनीकी गड़बड़ी के कारण मतदान समय पर शुरू नहीं हो सका था। जमुई के बूथ नंबर 214 पर भी ईवीएम मशीन खराब मिली। चकाई मतदान केंद्र संख्या 22 पर कंट्रोल यूनिट खराब रहने के कारण मॉक पोल नहीं हो सका। गया के टिकारी में उर्दू मध्य विद्यालय पंचानपुर में बूथ संख्या 309 पर भी ईवीएम काम नही कर रहा था। जमुई के सिकंदरा विधान सभा के बूथ संख्या 244 उमवि घनबेरिया पर भी 15 मिनट देर से मतदान शुरू हुआ। ऐसर स्थिति अन्‍य कई मतदान केंद्रों पर देखने को मिली।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजय सिंह ने बताया कि सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम किए गए थे। बूथों पर सीपीएफ (सेंट्रल पुलिस फोर्स) बीएमपी और पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की गई थी। नक्सलियों पर नकेल कसने के लिए दो हेलीकॉप्टर को निगरानी में लगाया गया था। इसके अलावा एक एयर एंबुलेंस को भी तैनात किया गया था।

पहले चरण में किस्मत आजमाने वाले दिग्गजों में गया सीट पर राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के विजय मांझी और महागठबंधन के उम्मीदवार व पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी हैं। जबकि, औरंगाबाद में निवर्तमान सांसद व भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रत्याशी सुशील सिंह और महागठबंधन के घटक दल हिंदुस्‍तानी अवाम मोर्चा (HAM) के प्रत्याशी उपेंद्र प्रसाद हैं। नवादा सीट पर एनडीए की ओर से सूरजभान सिंह के भाई व लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) प्रत्याशी चंदन कुमार हैं। जबकि, महागठबंधन उम्मीदवार के रूप में राष्‍टीय जनता दल (RJD) के पूर्व विधायक राजबल्लभ यादव की पत्नी विभा देवी हैं। जमुई लोकसभा सीट पर महागठबंधन प्रत्याशी के रूप में राष्‍टीय लोक समता पार्टी (RLSP) से भूदेव चौधरी और एनडीए प्रत्याशी के रूप में एलजेपी के चिराग पासवान एक बार फिर किस्मत आजमा रहे हैं।

Related posts

Leave a Comment