कितने वंशवादी रहे बिहार के अब तक के मुख्यमंत्री

कितने वंशवादी रहे बिहार के अब तक के मुख्यमंत्री

News Agency : नीतीश कुमार और लालू यादव बिहार में राजनीति के दो मजबूत स्तंभ हैं। दोनों मुख्यमंत्री बने। दोनों केन्द्र में रेल मंत्री बने। दोनों अपनी-अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। लेकिन इन समानताओं के बावजूद दोनों की राजीनितक शैली अलग-अलग है। नीतीश कुमार मूल्यपरक राजनीति के हिमायती हैं। उनके पुत्र निशांत कुमार भी इंजीनियर हैं। वे राजनीति से दूर रहते हैं। कभी किसी विवाद में नहीं रहते। दूसरी तरफ लालू प्रसाद की राजनीति वंशवाद का प्रतीक है। उन्होंने अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बनवाया था। दो पुत्रों को विधायक बनाया। बड़ी पुत्री राज्यसभा सांसद हैं। दो साले सांसद रह चुके हैं। यानी लालू यादव ने अपने पद के प्रभाव से परिजनों को थोक भाव में फायदा पहुंचाया। लालू प्रसाद के पुत्र तेज प्रताप और तेजस्वी यादव अक्सर विवादों में रहते हैं। यानी नीतीश और लालू बिहार में दो अलग किस्म की राजनीति का प्रतिनिधित्व करते हैं। बिहार में अब जो मुख्यमंत्री हुए, वंशवाद पर उनका नजरिया अलग- अलग रहा।बिहार में अब के मुख्यमंत्रियों तब और अब की राजनीति में बहुत फर्क आ गया है। पहले के अधिकतर नेता मूल्यपरक राजनीति करते थे। अपनी संतान को राजनीति में लाना ठीक नहीं समझते थे। बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह जब तक जिंदा रहे अपने पुत्रों को राजनीति में नहीं आने दिया। श्रीकृष्ण सिंह के निधन के बहुत बाद कांग्रेस पार्टी ने उनके पुत्र शिवशंकर को जिताऊ उम्मीदवार समझ कर टिकट दिया था। वे विधायक बने। उनके छोटे पु्त्र बंदीशंकर सिंह बहुत बाद में विधायक हुए और मंत्री भी बने। इसी तरह कर्पूरी ठाकुर जब तक जिंदा रहे अपने पुत्रों को राजनीति से दूर रखा। उनके निधन के बाद ही पुत्र रामनाथ ठाकुर राजनीति में आ सके। वे विधायक और बिहार सरकार में मंत्री रहे। राज्यसभा सांसद भी चुने गये। बिहार के एक मुख्यमंत्री भोला पासवान शास्त्री के परिजन तो आज भी गरीबी में जीवन जी रहे हैं। वे तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे थे। उन्होंने न तो खुद पैसा कमाया और न ही परिजनों को किसी तरह का फायदा पहुंचाया। दीपनारायण सिंह भी बिहार के कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने थे लेकिन उन्होंने वंशवाद को बढ़ावा नहीं दिया।विनोदानंद झा बिहार के दूसरे मुख्यमंत्री थे। उनके पुत्र कृष्णानंद झा बिहार सरकार में मंत्री रहे थे। कांग्रेस के नेता दारोगा प्रसाद राय 1970 में बिहार के मुख्यमंत्री बने थे। उनके पुत्र चंद्रिका प्रसाद राय 1985 में पहली बार कांग्रेस से विधायक बन गये थे।

Related posts

Leave a Comment